[ad_1]
विदिशा18 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

शमशाबाद विधायक के साथ जिले के धामनोद के रहवासी पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचे। इसमें नटेरन थाना प्रभारी की शिकायत करते हुए कार्यवाही की मांग की। ग्रामीणों ने एसपी को बताया कि टीआई के अभद्र व्यवहार के कारण एक महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। इसके बाद एसपी ने थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
नटेरन थाना के ग्राम धामनोद में एक दिन पहले महिलाओं के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ा तो महिलाओं के बीच मारपीट हो गई। एक महिला ने मारपीट की शिकायत थाने में कर दी। जब दूसरे पक्ष की महिला शिकायत करने थाने पहुंची तो पुलिस ने उस महिला की शिकायत दर्ज नहीं की। उसे जेल में बंद करने की धमकी दी। जिससे दुखी होकर महिला राधा लोधी ने घर जाकर जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि गांव में महिलाओं के बीच लड़ाई हो गई थी, जिसमें मारपीट हो गई थी। सामने वाली महिला ने थाने में शिकायत की थी। हम लोग घर पर नहीं थे, जब शाम को हम पहुंचे तो राधा को लेकर थाने पहुंचे पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी। हमने जब विधायक के यहां से फोन लगवाया तो राधा से थाना प्रभारी कहने लगे कि ज्यादा नेतागिरी करवाएंगे तो मैं जेल में डाल दूंगा। इसी बात से दुखी होकर राधा ने घर जाकर जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
विधायक राजश्री सिंह ने कहा कि थाने में महिला को प्रॉपर रिस्पांस नहीं मिला था, जब एक महिला थाने जाती है तो उसके साथ अपराधियों जैसा बर्ताव नहीं होना चाहिए, बल्कि थाने में एक डॉक्टर जैसा व्यवहार होना चाहिए ताकि महिला अपनी आप बीती सुना सके।
सभी के लिए यह एक सबक है कि अगर कोई महिला थाने में जाती है तो उसकी सुनवाई हो। उसको थाने में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। अगर राधा के साथ सही बर्ताव होता। उसकी समस्या सुनी जाती तो राधा ऐसा कदम नहीं उठाती।
[ad_2]
Source link
