मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में कांग्रेस के न्याय सत्याग्रह कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस विधायक साहब सिंह गुर्जर द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी ने प्रदेश की राजनीति में भूचाल ला दिया है। मंगलवार को अशोकनगर में हुए इस आयोजन में विधायक गुर्जर ने मंच से कहा-
“जो मर्द थे वो जंग में गए, और जो हिजड़े थे वो संघ में गए।” यह बयान न केवल बीजेपी और संघ कार्यकर्ताओं के बीच आक्रोश का कारण बना है, बल्कि सोशल मीडिया पर भी तीव्र बहस का विषय बन गया है। भाजपा ने इसे कांग्रेस की ‘गिरती राजनीतिक मर्यादा’ का प्रतीक बताया है और विधायक से सार्वजनिक माफी की मांग की है।
कांग्रेस का यह न्याय सत्याग्रह मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ दर्ज FIR के विरोध में आयोजित किया गया था। यह FIR अशोकनगर के निवासी गजराज लोधी की शिकायत पर दर्ज की गई थी, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनकी पिटाई की और उन्हें मानव मल खाने के लिए मजबूर किया। 25 जून 2025 को गजराज ने जीतू पटवारी से उनकी ओरछा यात्रा के दौरान मुलाकात की थी और अपनी शिकायत साझा की थी। इस मामले को लेकर कांग्रेस ने अशोकनगर में विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया, जिसमें पूरे राज्य से कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
